- शंकराचार्य,अरुण सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, राजकुमार चाहर, रासबिहारी होंगे शामिल
- बृजवासी रॉयल के सभागार में भव्य दिव्य होगा पत्रकारिता दिवस समारोह
- समारोह की सभी तैयारियां हो गई है पूरीः उपमन्यु
मथुरा/नई दिल्ली। बृज प्रेस क्लब एवं नेशनल यूनियन जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया (एनयूजेआई), एनयूजे उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर मथुरा शहर के स्टेट बैंक चौराहा स्थित बृजवासी रॉयल होटल के सभागार में एक विशाल संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भाग लेने के लिए एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी, जगतगुरु शंकराचार्य राज राजेश्वरानंद जी महाराज, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकसभा सांसद राजकुमार चाहर, प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार मंत्री दिनेश प्रताप सिंह सहित कई सांसद, विधायक, महापौर, चेयरमैन, देश के प्रमुख धर्माचार्य मनीषी, वरिष्ठ पत्रकार, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
एनयूजेआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व बृज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ कमलकांत उपमन्यु (एडवोकेट) एवं महामंत्री पवन नवरत्न ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि एनयूजेआई एवं ब्रज प्रेस क्लब द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई है। ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष उपमन्यु ने क्षेत्र के सभी इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट मीडिया एवं सोशल मीडिया, यूट्यूब से जुड़े सभी मीडियाकर्मियों व सामाजिक चिंतकों से समय से कार्यक्रम में भाग लेकर अपना स्थान सुरक्षित करने का आहवान किया है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर देशहित और समाज हित में अच्छा कार्य करने वाले जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी एवं पत्रकारों को सम्मानित भी किया जाएगा।


